हरिद्वार। साइबर अपराध के हॉटस्पॉट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 एटीएम कार्ड, 14 बैंक पासबुक, 17 सिम कार्ड, 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक चार्जर, 10 एटीएम कवर, पैन कार्ड और 37,500 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस कप्तान नवनीत सिंह ने मायापुर एसपी सिटी कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि के अनुसार 25-26 अगस्त की रात सज्जनपुर पीली क्षेत्र में संदिग्ध स्विफ्ट कार की सूचना मिली थी। रसियाबड़ सिंगल लाइन प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान चिड़ियापुर की ओर से आ रही कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार पांच लोगों के पास से एक बैग में साइबर ठगी से जुड़ी सामग्री मिली।
प्रारंभिक जांच में विभिन्न बैंकों के खातों के जरिए रकम के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। मोबाइल फोन की वाट्सऐप चैट में बैंक खाता नंबर, खाताधारकों के नाम, क्यूआर कोड और लेन-देन से जुड़ी जानकारी मिली। पुलिस को 2.75 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध डिजिटल लेन-देन के सुराग मिले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि बैंक खाते, पासबुक, एटीएम और सिम लेकर उनमें आने वाली ठगी की रकम को यूपीआई के जरिए दूसरे खातों में भेजा जाता था। इसके बाद एटीएम से नकदी निकालकर कमीशन बांटा जाता था। नेटवर्क के तार नालंदा और नवादा से हरिद्वार तक जुड़े मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा पांडे, निरंजन कुमार, सन्नी, चंद्रमणि कुमार और चंदन पांडे शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों और नेटवर्क के मुख्य संचालकों की तलाश में जुटी है।














Users Today : 0
Users Yesterday : 237