हरिद्वार।श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को मुकदमा दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों के बीच से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 31 अगस्त को दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने ट्रक चोरी करने की बात स्वीकार की और बताया कि चोरी का वाहन गैण्डीखाता क्षेत्र में गुर्जर बस्ती की ओर जंगल में छिपाकर रखा गया है।
उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची। उनकी निशानदेही पर जंगल की झाड़ियों के पास लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद हुआ। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट भी हटा दी थी। पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जिससे ट्रक चोरी के मुकदमे से संबंधित पाया गया।
पुलिस ने बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद परवेज (38) निवासी नजीबाबाद और हबीब खां (55) निवासी नजीबाबाद, बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा समेत श्यामपुर पुलिस और एसओजी के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।













Users Today : 181
Users Yesterday : 147