Home » नेशनल » वन-क्लिक से 9.91 लाख पेंशनरों के खातों में पहुंचे 147 करोड़ रुपये

वन-क्लिक से 9.91 लाख पेंशनरों के खातों में पहुंचे 147 करोड़ रुपये

Share This Article

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त वन-क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की पेंशन धनराशि भेजी गई।
अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। सरकार के इस कदम से वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता समेत विभिन्न श्रेणियों के पात्र लाभार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन व्यवस्था को और सरल एवं लाभार्थी केंद्रित बनाया जाए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
—————–
आधार नहीं बन पा रहा तो अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने विशेष निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए और उनके लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि आधार संबंधी समस्या के कारण किसी भी पात्र लाभार्थी की पेंशन नहीं रुकनी चाहिए।
प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
कुल लाभार्थियों में 2,14,711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत तथा 7,77,203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं के अंतर्गत शामिल हैं। अगस्त माह के पेंशन भुगतान में लगभग 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश तथा 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।
————–
5,605 नई पेंशन स्वीकृत

अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 5,605 नई पेंशन स्वीकृत की गई हैं। इनमें 3,945 वृद्धावस्था पेंशन, 1,000 विधवा पेंशन, 416 दिव्यांग पेंशन, 106 किसान पेंशन, 23 परित्यक्ता पेंशन और 115 भरण-पोषण अनुदान के लाभार्थी शामिल हैं।
—————
18-19 सितंबर को नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन

बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर 2026 को डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, जनपथ, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है।
सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से संबंधित प्रमुख प्राथमिकताओं को लेकर केंद्र सरकार, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।
——–
ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Picture of India Lakshya News

India Lakshya News

India Lakshya News एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की सटीक, निष्पक्ष और तेज खबरें पाठकों तक पहुंचाना है।
Picture of India Lakshya News

India Lakshya News

India Lakshya News एक विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की सटीक, निष्पक्ष और तेज खबरें पाठकों तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied India Lakshya News ?

Also Read This

Our Visitor

0 1 2 4 1 3
Users Today : 181
Users Yesterday : 147