हरिद्वार। आधार में छोटा-सा बदलाव कराने के लिए देहरादून का चक्कर लगाने वाले हरिद्वार जिले के लोगों के लिए राहत की खबर है। अब आधार से जुड़े ज्यादातर जरूरी काम हरिद्वार में ही हो सकेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने जिले में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू किया है।
कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने गुरुवार को केंद्र का शुभारंभ किया। खास बात यह रही कि उन्होंने खुद अपना आधार अपडेट कराकर केंद्र की सेवाओं की शुरुआत की। केंद्र शुरू होने से हरिद्वार के साथ रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए देहरादून जाने की जरूरत कम होगी।
यहां नया आधार नामांकन, मोबाइल नंबर, फोटो व पता अपडेट, जनसांख्यिकीय और बायोमेट्रिक अपडेट, त्रुटि सुधार तथा शिकायत निवारण जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
———
बच्चों के लिए 30 सितंबर तक खास सुविधा
पांच से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को लेकर भी अभिभावकों के लिए राहत है। 30 सितंबर 2026 तक यह अपडेट निशुल्क।कराया जा रहा है। मदन कौशिक ने अभिभावकों से समय रहते बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराने की अपील की।
केंद्र के निदेशक कुमार उज्ज्वल के मुताबिक, केंद्र सीधे UIDAI द्वारा संचालित होगा। यहां दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा, सुगम शौचालय और शिकायत निवारण की व्यवस्था भी की गई है। केंद्र आठ आधुनिक संचालन किटों से लैस है।
सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर केंद्र सप्ताह के सभी दिन संचालित रहेगा। नागरिक आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी ले सकेंगे।













Users Today : 178
Users Yesterday : 147