रुड़की। मंगलवार रात राजकीय इंटर कॉलेज रोड पर कार सवार युवकों के दो पक्षों के बीच विवाद के बाद आमने-सामने फायरिंग हो गई। दोनों ओर से गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दोनों पक्षों की ओर से गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।
बताया गया कि पनियाला निवासी एक युवक मंगलवार रात गौशाला तिराहे से आगे राजकीय इंटर कॉलेज रोड पर अपनी स्कॉर्पियो कार में खड़ा था। इसी दौरान एक अन्य कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दूसरी कार में सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों की ओर से भी फायरिंग की गई।
दोनों ओर से गोलियां चलने के बाद युवक अपने-अपने वाहनों से मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद एक युवक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ ही दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व भी इनमें से एक युवक की कार में तोड़फोड़ की गई थी। इसी पुराने विवाद को मंगलवार रात हुई घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि अनुराग और रवि नाम के युवकों के बीच विवाद है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।













Users Today : 181
Users Yesterday : 147