हरिद्वार। अनुसूचित जाति एवं जनजाति इम्प्लाइज फेडरेशन हरिद्वार की टीम ने पदोन्नति में आरक्षण बहाल करने और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में संविदा नियुक्तियों में आरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर जिले के विधायकों से वार्ता की। फेडरेशन के अनुसार लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद, भगवानपुर विधायक ममता राकेश, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, कलियर विधायक फुरकान अहमद और झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति से इस संबंध में वार्ता हो चुकी है।
फेडरेशन का कहना है कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मनरेगा, एनआरएलएम, सर्व शिक्षा अभियान समेत कई राष्ट्रीय कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में नियुक्ति, संचालन, अनुश्रवण और मूल्यांकन का काम राज्य सरकार के स्तर से किया जाता है। फेडरेशन ने आरोप लगाया कि इन कार्यक्रमों में संविदा कार्मिकों की नियुक्ति के दौरान एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, सभी विधायकों ने उनकी मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। साथ ही विधानसभा के मानसून सत्र में पदोन्नति में आरक्षण बहाली और राज्य स्तरीय सेवाओं में आरक्षण से जुड़े मुद्दे उठाने का आश्वासन दिया है।
फेडरेशन ने बताया कि विधायक मोहम्मद शहजाद के साथ बीएसपी प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अनिल के सहयोग से विधानसभा में इस संबंध में प्रश्न प्रस्तुत कर डायरी भी कराया जा चुका है। फेडरेशन की हरिद्वार टीम ने बताया कि इस कार्य में कमल कुमार का मार्गदर्शन मिला। संगठन ने कहा कि आरक्षण से जुड़े मामलों को लेकर वह आगे भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपनी मांग उठाता रहेगा।













Users Today : 177
Users Yesterday : 147