हरिद्वार। पिता की हत्या के मामले में जेल जा चुका 22 वर्षीय अनुराग चौधरी जमानत पर बाहर आने के बाद फिर आपराधिक मामले में फंस गया। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने सुभाषनगर निवासी युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को सुभाषनगर निवासी महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने घातक हथियारों से लैस होकर उसके बेटे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और धमकी दी। शिकायत के आधार पर गंगनहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार को लाठरदेवा अंडरपास के पास दबिश देकर अनुराग चौधरी पुत्र स्वर्गीय जोगेंद्र चौधरी निवासी पनियाला रोड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में अपने पिता की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316