हरिद्वार। सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया से परिवार के साथ हरिद्वार पहुंचे 31 वर्षीय वास्तव मूर्ति के लिए गंगा स्नान आखिरी सफर साबित हुआ। धार्मिक यात्रा पर आए वास्तव मंगलवार दोपहर सप्तऋषि क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में समा गए। परिजनों की आंखों के सामने हुए इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। कई घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद शाम को कनखल क्षेत्र में उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, वास्तव मूर्ति ऑस्ट्रेलिया में रहते थे और मंगलवार को पत्नी, सास-ससुर समेत परिवार के सात सदस्यों के साथ हरिद्वार पहुंचे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे सभी नगर कोतवाली क्षेत्र के सप्तऋषि स्थित ठोकर नंबर 16 के पास गंगा स्नान कर रहे थे। बताया गया कि वास्तव को तैरना आता था। इसी दौरान वह गंगा के बीच की ओर स्नान करने चले गए। अचानक गहरे पानी में पहुंचने के कारण वह डूबकर लापता हो गए।
परिजनों ने उन्हें डूबते देखा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सप्तऋषि चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जल पुलिस को बुलाया। जवानों ने घटनास्थल के आसपास तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली। कई घंटे की मशक्कत के बाद कनखल क्षेत्र में उनका शव बरामद हुआ।
चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।














Users Today : 151
Users Yesterday : 189