हरिद्वार। शिवालिक नगर कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा के संयोजन में रविवार को मैंगो पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान आम की मिठास के साथ संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने इसे केवल सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन को धार देने का प्रयास बताया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और आपसी संवाद व समन्वय से संगठन मजबूत होता है। उन्होंने दिल्ली में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के धरने को समाप्त कराए जाने को लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रहार बताते हुए सरकार की आलोचना की। साथ ही कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।
जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली, पूर्व विधायक रामयश सिंह, सोम त्यागी, मनोज सैनी समेत अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं से घर-घर कांग्रेस की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आम का स्वाद लेने के साथ कार्यकर्ताओं ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन ने साफ संकेत दिया कि कांग्रेस अब सामाजिक आयोजनों के माध्यम से भी चुनावी माहौल बनाने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की रणनीति पर काम कर रही है।














Users Today : 107
Users Yesterday : 106