हरिद्वार। श्यामपुर रेंज में जंगल से निकलकर खेतों की ओर पहुंच रहे हाथियों ने एक और किसान की जान ले ली। गुरुवार शाम बाहर पीली में खेत पर पशुओं के लिए घास काट रहे 60 वर्षीय सतपाल पर अचानक हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें सूंड़ से उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल सतपाल को वन विभाग की टीम अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन उनकी मौत हो गई।
सजनपुर बाहर पीली निवासी सतपाल पुत्र भगवाना पिछले करीब 20 वर्षों से ठेके पर खेत लेकर धान की खेती करते थे। गुरुवार शाम वह कुंडी कोटेश्वर मंदिर के सामने खेत में चारा काट रहे थे। इसी दौरान जंगल की तरफ से निकला हाथी हाईवे की ओर आया और पीछे से सतपाल पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन करते हुए हाथियों से सुरक्षा की मांग की। ग्रामीणों ने हाईवे जाम करने की भी कोशिश की।
बताया जा रहा है कि हमला करने वाले हाथी ने महज तीन दिन पहले एक थार गाड़ी को भी पलटने का प्रयास किया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। श्यामपुर रेंजर विवेक जोशी ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।














Users Today : 51
Users Yesterday : 316