हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सुझाव देने पर विश्वविद्यालय के बुजुर्ग कुलसचिव के साथ मारपीट कर दी। मारपीट का वीडियो प्रसारित होने के बाद कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नियमित कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष और महामंत्री सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की और उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे थे। इसी दौरान कुलसचिव ने कर्मचारियों को कुछ सुझाव दिए। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर धरने पर बैठे लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रसारित वीडियो में कुलसचिव के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
कनखल पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में नियमित कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज पुत्र महेश भारद्वाज, महामंत्री नरेंद्र मलिक पुत्र जयपाल, ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह और उमाशंकर पुत्र भगवान दत्त शर्मा शामिल हैं। चारों आरोपी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर के निवासी हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी और हेड कांस्टेबल संजय धनाई शामिल रहे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














Users Today : 61
Users Yesterday : 189