मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर बारिश के साथ पहाड़ी से मलबा आने का सिलसिला लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। सोमवार देर रात हुई बारिश के बाद पानी वाला बैंड से मसूरी की ओर पहाड़ी टैरेस के सामने पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गया। इससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
मलबा आने की सूचना पर लोक निर्माण विभाग ने तत्काल जेसीबी मौके पर भेजी और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोला गया। इस दौरान सड़क पर सफाई का काम चलने के कारण वाहन चालकों को इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर बारिश के दौरान मलबा आने की समस्या नई नहीं है। बारिश शुरू होते ही मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बढ़ जाता है। इससे रोजाना देहरादून और मसूरी के बीच नौकरी, कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के लिए आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बार-बार सड़क बाधित होने से पर्यटकों के साथ ही स्थानीय जनसमुदाय की दिनचर्या प्रभावित होती है। लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर स्थायी सुरक्षा उपाय करने, पहाड़ी का वैज्ञानिक उपचार कराने और बारिश के दौरान निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल मलबा हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।













Users Today : 182
Users Yesterday : 147