हरिद्वार। कनखल के बैरागी कैंप क्षेत्र में स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन गायों की मौत के मामले में पुलिस ने चालक करण शर्मा उर्फ करण पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, चालक वाहन को तेज और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान उसकी स्कॉर्पियो ने सड़क के पास मौजूद तीन गायों को टक्कर मार दी।
घटना शुक्रवार तड़के करीब 4:35 बजे ओमपुल से आगे बैरागी कैंप की ओर हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो तीनों गायें सड़क पर मृत मिलीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सड़क किनारे कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो घुड़सवार पुलिस लाइन की ओर चली गई।
पुलिस ने तलाश की तो स्कॉर्पियो पुलिस लाइन के पीछे खड़ी मिली, जबकि चालक मौके से फरार था। वाहन नंबर की जांच में स्कॉर्पियो करण शर्मा के नाम पंजीकृत मिली। स्थानीय लोगों ने भी वाहन करण शर्मा द्वारा चलाए जाने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने वाहन कब्जे में ले लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गोसेवा समिति के सदस्यों की मौजूदगी में तीनों गायों को सम्मानपूर्वक दफनाया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।














Users Today : 231
Users Yesterday : 147