हरिद्वार। ऊर्जा निगम ने लक्सर वितरण खंड में लंबे समय से दर्ज 5.76 करोड़ रुपये के फिक्टिशियस एरियर को समाप्त कर दिया है। शुक्रवार को लालजीवाला बिजलीघर में मुख्य अभियंता मोहित जोशी की अध्यक्षता में हुई राजस्व समीक्षा बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों की पड़ताल की गई। इस दौरान बिलिंग में त्रुटि, लंबे समय से बिल जारी न होने, बंद कनेक्शनों और पुराने बकाये से जुड़े मामलों की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
बैठक में सामने आए मामलों में करीब 12 कनेक्शन ऐसे पाए गए, जिनसे जुड़े पुराने प्रकरणों की दोबारा समीक्षा की जाएगी। मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति की जांच कर अभिलेखों को दुरुस्त किया जाए। लंबे समय से बिल नहीं बने कनेक्शनों की जांच कर यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि कहीं वास्तविक बकाया तो लंबित नहीं है।
मोहित जोशी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वास्तविक बकायेदारों से वसूली में तेजी लाई जाए। लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमानुसार काटने की कार्रवाई की जाए। साथ ही बिजली चोरी से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता दीपक सैनी, रवि कुमार, आशुतोष तिवारी, अनिल मिश्रा समेत रुड़की और संबंधित वितरण खंडों के अधिकारी मौजूद रहे।













Users Today : 181
Users Yesterday : 147