हरिद्वार। टिहरी विस्थापित पुनर्वास कॉलोनी सुमन नगर में जलभराव की समस्या को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने पर शनिवार को ग्रामीण खुद नाले की सफाई करने उतर गए। कई दिनों से घरों के बाहर और रास्तों पर पानी जमा होने से परेशान लोगों ने पहले संबंधित विभागों से मदद मांगी, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले करीब आठ दिनों से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। घरों के बाहर पानी जमा होने के साथ ही बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जलभराव की सूचना राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को फोन के माध्यम से दी थी। कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अपेक्षित मदद नहीं मिली।
शनिवार को जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में ग्रामीण घरों से बाहर निकले और हाथों में फावड़े लेकर नाले की सफाई में जुट गए। ग्रामीणों ने नाले में जमा गंदगी और अवरोध को हटाकर पानी की निकासी का रास्ता बनाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि जब जिम्मेदार विभागों से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरी में उन्हें स्वयं सफाई के लिए उतरना पड़ा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि केवल अस्थायी तौर पर पानी निकालने के बजाय नालों की सफाई और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार ऐसी स्थिति पैदा न हो।













Users Today : 178
Users Yesterday : 147