हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में पतंजलि योगपीठ के पास सोमवार रात दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने दुकान पर बैठे 25 वर्षीय मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों बदमाश पैदल दुकान तक पहुंचे और वारदात को अंजाम देने के बाद एक कॉलोनी में घुसकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की और जंगल की ओर निकल गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटनास्थल का एसएसपी नवनीत सिंह ने मौका मुआयना किया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान हैप्पी पुत्र राजकुमार निवासी शांतरशाह के रूप में हुई है। सोमवार रात हैप्पी अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो युवक पैदल वहां पहुंचे। आरोप है कि एक बदमाश ने हैप्पी के माथे और दूसरे ने सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी अभय सिंह समेत बहादराबाद थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। घटनास्थल से पुलिस को दो कारतूस मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों की ओर से फायरिंग की गई है। घटनास्थल से दो कारतूस मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।













Users Today : 179
Users Yesterday : 147