हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी अमन उर्फ भरोसी ने 26 सितंबर को अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, खोखे, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। बुधवार को सूचना मिली कि आरोपी गांव की ओर आ रहा है। इसके बाद नहर पुल पिकेट पर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे आरोपी को रुकने का इशारा किया गया।
आरोप है कि रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बहन के प्रेम प्रसंग के चलते समाज में बदनामी होने की बात को लेकर दोनों की हत्या करने की बात बताई है। मुठभेड़ के संबंध में आरोपी के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बरामदगी: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।














Users Today : 66
Users Yesterday : 183