HARIDWAR,
कलियर दरगाह कार्यालय में तैनात एक सुपरवाइजर और ठेकेदार के बीच बातचीत का पुराना ऑडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें सुपरवाइजर पूर्व दरगाह प्रबंधक के लिए कथित अवैध वसूली की रकम की मांग करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर रकम को लेकर बातचीत और लेनदेन की बात सामने आ रही है।
मामला पुराना होने के बावजूद वायरल ऑडियो में बातचीत करने वाले सुपरवाइजर और ठेकेदार के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व दरगाह प्रबंधक के खिलाफ मामले में कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन वायरल ऑडियो में कथित रूप से बातचीत करने वाला सुपरवाइजर आज भी दरगाह कार्यालय में तैनात है।
दरगाह से जुड़े सूत्रों का कहना है कि संबंधित सुपरवाइजर का कर्मचारियों के बीच रौब बना रहता है। सूत्र यह भी दावा करते हैं कि वह अपने संबंध सफेदपोश नेताओं और अधिकारियों से होने की बात कहकर प्रभाव जमाता है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले दरगाह के एक कर्मचारी का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को निलंबित कर दिया था।
अब पुराने ऑडियो के दोबारा वायरल होने के बाद लोगों की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल उठ रहा है कि यदि ऑडियो की जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित सुपरवाइजर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कब होगी।














Users Today : 102
Users Yesterday : 361