DEHRADUN..बदरीनाथ धाम से लगे सीमांत क्षेत्र माणा गांव में शनिवार शाम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और सेना के जवानों के बीच हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। माणा बैरियर पर वाहन और दस्तावेजों की जांच के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर बदरीनाथ थाने में 64 इंजीनियरिंग असम रेजीमेंट के मेजर अनमोल प्रीत समेत 10 से 15 अन्य सैन्य जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे माणा गांव के प्रवेश बैरियर पर कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस और होमगार्ड के जवान वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान 64 इंजीनियरिंग असम रेजीमेंट के मेजर अनमोल प्रीत सरकारी वाहन से बैरियर पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि जांच के लिए वाहन रोके जाने को लेकर मेजर ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर उनकी ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान से कहासुनी हो गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह दोनों के बीच हुए विवाद को शांत कराया। उस समय मामला समाप्त होता दिखाई दिया, लेकिन कुछ देर बाद मेजर के दोबारा बैरियर पर पहुंचने के बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान होमगार्ड जवान के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही बदरीनाथ थाने से चेतक पुलिस और एक उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि मेजर के साथ मौजूद अन्य सैन्य जवानों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली।
इसके बाद पुलिस कांस्टेबल विजय सिंह की लिखित तहरीर पर बदरीनाथ थाने में मेजर अनमोल प्रीत और 10 से 15 अन्य सैन्य जवानों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुकदमा संख्या 11/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 लगाई हैं।
मामला सेना से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधिकारियों ने भी इसे गंभीरता से लिया है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रकरण को लेकर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि फिलहाल पुलिस की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सेना की ओर से अभी तक कोई तहरीर पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। यदि सेना की ओर से शिकायत मिलती है तो उसका भी नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 101
Users Yesterday : 361