देहरादून। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉर्पस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों और उनके आश्रितों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मामलों पर विचार किया गया।
समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति की। इसके अलावा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की भी सिफारिश की गई।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सूचना विभाग गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।














Users Today : 74
Users Yesterday : 106