हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मंदिर की गद्दी को लेकर उपजे विवाद ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, एफएसएल जांच, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से काठा पीर के जंगल से अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक पारसगिरी ने सेवागिरी को मंदिर की गद्दी का उत्तराधिकारी घोषित कर दिया था, जिससे वे नाराज थे।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए, फिर देर रात सेवागिरी की पाठल से हत्या की। इसके बाद पारसगिरी पर भी जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों शव मंदिर परिसर में खोदे गए गड्ढे में दबा दिए गए, खून के निशान मिटाए और खून से सना गद्दा जलाकर फरार हो गए। आरोपियों ने मंदिर में मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी धमकाकर मोबाइल और सिम तोड़ने की सलाह दी थी।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दो फावड़े और एक पाठल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।














Users Today : 72
Users Yesterday : 106