रुड़की (पूजा सिंह)नगला इमरती के पास रविवार तड़के रुड़की पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तीन बाइक सवारों का पीछा कर रही थी। नगला इमरती के पास उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया गया तो आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में पुलिस ने तत्काल कांबिंग अभियान शुरू किया।
बाद में पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी निवासी ठसका, कोतवाली मंगलौर और दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव निवासी मातावाला हसन बाग, लंढौरा को भी गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस ने मौके से संबंधित साक्ष्य जुटाते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं।














Users Today : 101
Users Yesterday : 361