हरिद्वार। पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड और पतंजलि फूड्स लिमिटेड के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर की फर्म में स्वतंत्र ऑडिट के दौरान 32.95 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आने पर कनखल पुलिस ने अकाउंटेंट समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला फर्जी क्लेम तैयार कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है। कनखल स्थित श्री मां योग शक्ति दिव्य धाम ट्रस्ट परिसर में संचालित मैसर्स सत्य इंटरप्राइजेज के पार्टनर सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फर्म वर्ष 2012 से पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड और पतंजलि फूड्स लिमिटेड की सुपर डिस्ट्रीब्यूटर है। जुलाई 2022 से मार्च 2025 तक के स्वतंत्र ऑडिट में अकाउंटेंट सोहन सिंह पर छह व्यापारियों के साथ मिलकर फर्जी क्लेम तैयार करने का आरोप सामने आया। शिकायत के अनुसार जांच में 93 फर्जी क्लेम एंट्रियों के जरिए 40.03 लाख रुपये का भुगतान दर्शाया गया, जबकि 31.64 लाख रुपये के फर्जी क्लेम तैयार किए गए। इसके अलावा 8.39 लाख रुपये के वास्तविक क्लेम रोककर रिकॉर्ड में भी हेराफेरी की गई। पुलिस के अनुसार मामले में दस्तावेजों की जांच और वित्तीय लेनदेन का मिलान किया जा रहा है। एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 107
Users Yesterday : 106