DEHRADUN। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह ट्रेन रामनगर से देहरादून के बीच काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए चलेगी। नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेल सेवा उत्तराखंड की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई कड़ी के रूप में काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेलवे ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि राज्य को वर्ष 2026-27 में रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है और करीब 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह एक्सप्रेस ट्रेन गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सेतु का काम करेगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ट्रेन का संचालन प्रतिदिन करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।














Users Today : 104
Users Yesterday : 106