देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 18 से 22 जुलाई तक मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और राहत-बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
19 जुलाई को नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश की संभावना पर ऑरेंज अलर्ट है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट है। 21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज तथा कई जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने जिलाधिकारियों को जिला आपदा परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने, राहत-बचाव दलों को तैयार रखने और भूस्खलन संभावित मार्गों पर मशीनरी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। आपात स्थिति में 112, 1070 और 1077 पर संपर्क किया जा सकता है.














Users Today : 107
Users Yesterday : 106