हरिद्वार।बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में 25 हरे-भरे फलदार आम के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में उद्यान विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए महमूदपुर कलियर निवासी पेड़ ठेकेदार नसीम और बाग स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। विभाग का कहना है कि आम के पेड़ों की कटाई के लिए कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी।
शनिवार देर रात कोतवाली से करीब 150 मीटर दूर स्थित आम के बाग में पेड़ों की कटाई की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाई जा चुकी थी। घटनास्थल पर कटे हुए तने, टहनियां और पत्तियां बिखरी मिली थीं।
मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह ने बताया कि बिना अनुमति फलदार पेड़ों की कटाई नियमों का गंभीर उल्लंघन है। उद्यान निरीक्षक की ओर से बहादराबाद कोतवाली में लिखित शिकायत दी गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने नसीम और बाग स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस, वन विभाग और उद्यान विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।














Users Today : 107
Users Yesterday : 106