हरिद्वार। मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से सोमवार को ऋषिकुल मैदान में कैबिनेट मंत्री एवं आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज का जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने प्रतिभाग कर सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दोनों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की। समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अनुयायी और श्रद्धालु पहुंचे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सतपाल महाराज ने अपने जीवन के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना, समाजसेवा, परोपकार और लोककल्याण का संदेश समाज तक पहुंचाया है। उनकी सरलता, सहजता, समर्पण और दूरदर्शिता ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सतपाल महाराज के साथ मंत्रिमंडल में कार्य करने का अवसर मिला और इस दौरान उनके अनुभव एवं कार्य के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष हरिद्वार में होने वाला कुंभ आस्था के साथ भारत की आध्यात्मिक शक्ति, सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का विराट उत्सव होगा। राज्य सरकार इसे दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से तैयारियों में जुटी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की रक्षा के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से सतपाल महाराज ने देश-विदेश में मानव धर्म, आत्मज्ञान, सद्भावना, प्रेम और सेवा का संदेश पहुंचाया है। अध्यात्म, सेवा और राष्ट्रसेवा का समन्वय उनके जीवन की विशेषता है। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भारतीय भावना आज पूरी मानवता के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। मानव धर्म, सद्भाव और सर्वधर्म समभाव के माध्यम से इस भावना को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सतपाल महाराज ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों और देश-विदेश से आए अनुयायियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आदेश चौहान, विधायक बृज भूषण गैरोला, अमृता रावत, पुष्पराज सिंह, किरण चौधरी, आशुतोष शर्मा, शोभाराम प्रजापति, हेमंत द्विवेदी, विक्रम भुल्लर, मनोज गौतम समेत प्रशासनिक अधिकारी, संतगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।














Users Today : 3
Users Yesterday : 237