हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देना आरोपी को भारी पड़ गया। पहले मोबाइल से धमकी भरे संदेश भेजे और जब मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली तो कथित तौर पर तमंचा लेकर जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से हरिद्वार पहुंच गया। जेल की ओर बढ़ने से पहले ही सिडकुल पुलिस और सीआईयू की टीम ने सूर्य नगर के पास चेकिंग में उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में मामले का खुलासा किया।
11 सितंबर को भेजे थे धमकी भरे मैसेज
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र संदेश आए थे। शिकायत के आधार पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को आरोपी हिमांशु तक पहुंचने में सफलता मिली। 21 सितंबर को सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जेल में बंद पत्नी से मिलने के बाद शुरू हुआ विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान पत्नी ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकाने के लिए कहा और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया।
इसके बाद आरोपी ने लुधियाना से नए मोबाइल नंबर के जरिए जेल अधीक्षक को धमकी भरे संदेश भेजे।
मुकदमे की खबर मिली तो तमंचा लेकर निकल पड़ा
मामला दर्ज होने की जानकारी आरोपी को सोशल मीडिया के जरिए हुई। एसओ अजय शाह के अनुसार, इसके बाद वह अपने पास मौजूद तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा। पुलिस के मुताबिक उसका इरादा जेल अधीक्षक को डराने का था।
वह जेल की ओर जा रहा था, लेकिन इससे पहले ही सूर्य नगर के पास पुलिस और सीआईयू की टीम की चेकिंग में फंस गया। तलाशी के दौरान तमंचा और कारतूस बरामद होते ही उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी मुकदमे में जोड़ दी गई।
पत्नी पर भी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी की पत्नी शीला की भूमिका भी जांच के दायरे में है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, निवासी सत्संग रोड, सिविल लाइन, भारत नगर चौक, लुधियाना, पंजाब, हाल निवासी आईडीपीएल, देहरादून के रूप में हुई है। मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।














Users Today : 6
Users Yesterday : 237