हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में चार बच्चों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप गांव के ही एक अधिवक्ता पर लगाया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जबकि परिजनों ने थाने पहुंचकर हंगामा करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे गांव में स्थित एक खेत के पास खेल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान खेत पर पहुंचे अधिवक्ता ने बच्चों के साथ गाली-गलौज की और उनकी पिटाई कर दी। परिजनों का कहना है कि मारपीट में बच्चों के शरीर पर चोट के निशान भी आए हैं।
रोते-बिलखते बच्चे जब घर पहुंचे तो परिजनों ने उनसे घटना की जानकारी ली। इसके बाद पता चला कि गांव के ही एक अधिवक्ता ने उनकी पिटाई की है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत पुलिस को सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग बहादराबाद थाने पहुंचे और विरोध जताया। सूचना मिलने पर बहादराबाद बाजार चौकी पुलिस भी सक्रिय हुई और जांच के लिए गांव पहुंची।
बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए चौकी प्रभारी विकास रावत को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 102
Users Yesterday : 361