देहरादून। नई टिहरी-ऋषिकेश मार्ग पर सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। टीसीआर होटल के पास हुए हादसे में कार नीचे पेड़ पर अटक गई। गनीमत रही कि कार पेड़ पर अटकने से दंपति की जान बच गई। दोनों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार नई टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। टीसीआर होटल के पास चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे लगी सुरक्षा बाड़ से टकराई और गहरी खाई में जा गिरी। नीचे पेड़ पर अटकने के कारण कार और उसमें सवार दंपति को बचाने का मौका मिल गया।
सूचना मिलते ही चंबा थाना प्रभारी विपिन बहुगुणा पुलिस टीम और बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, अग्निशमन दल और पीएसी के जवानों ने संयुक्त बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद कार सवार मधु पैन्यूली (55) और उनके पति हरिश्चंद्र पैन्यूली, निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दोनों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर बचाव अभियान चलने तक लोगों की निगाहें खाई में फंसी कार पर टिकी रहीं।














Users Today : 88
Users Yesterday : 189