गोपेश्वर। भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। सत्र के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 936 पुलिसकर्मियों के साथ 120 होमगार्ड तैनात रहेंगे। विधानसभा परिसर से लेकर प्रवेश द्वारों और बैरियरों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने को कहा। स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर व्यक्तियों और वाहनों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा। बैरियरों पर तैनात पुलिसकर्मियों को जुलूस, धरना-प्रदर्शन और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचना देने और आमजन से शालीन व्यवहार करने को भी कहा गया।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। सत्र की सुरक्षा में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा प्रांतीय सशस्त्र बल, आतंकवाद निरोधक दस्ता, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, बम निरोधक दस्ता और हॉक दल के जवान भी तैनात रहेंगे। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दूरभाष दृश्य माध्यम से तैयारियों में भाग लिया।














Users Today : 106
Users Yesterday : 292