हरिद्वार। कॉलेज जाने के लिए घर से निकले 21 वर्षीय छात्र को जटवाड़ा पुल के पास चार युवकों ने घेरकर पीट दिया। आरोप है कि युवकों ने पहले रास्ता रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर हमला बोल दिया। मारपीट में छात्र की नाक और आंख पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम जमालपुर कलां निवासी गुलशेर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 नवंबर की सुबह उनका बेटा वशी रामानंद कॉलेज जा रहा था। इसी दौरान जटवाड़ा पुल के पास लाल रंग की एक्टिवा पर सवार चार युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि चारों युवक बिना किसी वजह के उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उसके चेहरे पर चोटें आईं और नाक व आंख बुरी तरह चोटिल हो गईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
गुलशेर के मुताबिक, बेटे के साथ हुई मारपीट के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। घायल छात्र का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पिता की शिकायत पर ज्वालापुर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














Users Today : 21
Users Yesterday : 158