हरिद्वार। कनखल स्थित इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) कार्यालय में अस्थायी चालक द्वारा अपने ही अधिकारी पर गोली चलाने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक अस्थायी चालक तमंचा लेकर कार्यालय तक कैसे पहुंच गया? क्या वह केवल अधिकारी से नाराजगी के चलते हथियार लेकर आया था या उसके इरादे कुछ और थे? क्या अधिकारी और चालक के बीच विवाद इतना गहरा हो चुका था कि बात गोली चलाने तक पहुंच गई? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच में तलाशे जा रहे हैं।
शनिवार को आईबी कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्थायी चालक विनोद नेगी ने एसपी सीपी नौटियाल पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली अधिकारी के माथे के बेहद करीब से निकल गई। घटना में वह घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार अधिकारी की हालत खतरे से बाहर है।
बताया जा रहा है कि अधिकारी और अस्थायी चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर नाराजगी चल रही थी। इसी नाराजगी के बीच चालक ने ऐसा कदम उठा लिया। हालांकि विवाद की असल वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसी कौन सी बात हुई थी, जिसने चालक को इस हद तक नाराज कर दिया।
सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि चालक के पास तमंचा कहां से आया और वह किस उद्देश्य से हथियार लेकर कार्यालय पहुंचा था? क्या वह केवल अधिकारी को डराने के इरादे से आया था या पहले से किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा था? क्या उसे मौका मिलने का इंतजार था? कार्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर हथियार पहुंचने और फायरिंग होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया गया है। एसएसपी के मुताबिक आरोपी का फिलहाल कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। पुलिस अब तमंचे के स्रोत, विवाद की वजह और घटना के पीछे आरोपी की मंशा की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि फायरिंग अचानक गुस्से में की गई या इसके पीछे कोई सुनियोजित वजह थी।














Users Today : 21
Users Yesterday : 158