हरिद्वार। ऊर्जा निगम हरिद्वार के नवनियुक्त मुख्य अभियंता मोहित जोशी ने कार्यभार संभालने के बाद रुड़की और हरिद्वार क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। बैठक में बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली, मरम्मत कार्य, ट्रांसफार्मर, विद्युत तार, पोल और उपभोक्ता शिकायतों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्य अभियंता मोहित जोशी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और उपभोक्ताओं पर बकाया विद्युत बिलों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली करने और लेखा-जोखा व्यवस्थित रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं तक बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति पहुंचाना प्राथमिकता है। किसी भी उपभोक्ता का काम अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत और समय पर बदलने, क्षतिग्रस्त बिजली तारों को दुरुस्त करने तथा जर्जर विद्युत पोलों की मरम्मत पर भी जोर दिया गया। बारिश के दौरान विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी ने बताया कि फिलहाल बिजली आपूर्ति सामान्य है और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई टीमें काम कर रही हैं। विद्युत पोलों से करंट की आशंका को देखते हुए पोलों की अराउंडिंग कराई जा रही है।
बैठक में अधिशासी अभियंता दीपक सैनी, उपखंड अधिकारी बहादराबाद अक्षय कपिल, उपखंड अधिकारी जगजीतपुर अमित तोमर समेत ऊर्जा निगम के अधिकारी मौजूद रहे।













Users Today : 178
Users Yesterday : 147