हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने आईसीआईसीआई बैंक के एक खाताधारक के खाते से करीब 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बैंक प्रबंधक की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच में पुलिस ने संगीता देवी, रीनू कुमार उर्फ सोनू और अपेन्दर कुमार सहगल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 13 लाख रुपये नकद, प्लॉट की रजिस्ट्री, स्कूटी, फर्जी आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, आवेदन पत्र और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड और फोन बैंकिंग के जरिए खाताधारक के नाम पर नया डेबिट कार्ड जारी कराया। इसी कार्ड से भगवानपुर के एटीएम से नकदी निकाली गई और जुलाई-अगस्त 2025 के दौरान देहरादून, रुड़की व दिल्ली से करीब 35 लाख रुपये की ज्वेलरी खरीदी गई। बाद में ज्वेलरी बेचकर मिले पैसों से करीब 12 लाख रुपये का प्लॉट खरीदा गया।
पूछताछ में यह भी पता चला कि गिरोह बड़ी कंपनियों के खातों की जानकारी जुटाकर उन्हें निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार कई अन्य कंपनियों के खाते भी आरोपियों के रडार पर थे। मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।














Users Today : 118
Users Yesterday : 106