देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां भी भारी वर्षा, भूस्खलन, सड़क बंद होने या अन्य आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न हो, वहां राहत एवं बचाव दल बिना विलंब सक्रिय हों और प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से चारधाम यात्रा मार्ग सहित प्रदेश के सभी प्रमुख मार्गों की लगातार निगरानी रखने को कहा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने प्रदेशवासियों और राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।













Users Today : 118
Users Yesterday : 106