हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाकुंभ-2027 की तैयारियों को नई गति देते हुए मंगलवार को हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित करने के साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 66.76 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए राज्य सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में नए घाट, पुल, सड़क चौड़ीकरण, पॉड टैक्सी, रोपवे, हेलीपोर्ट और आधुनिक यातायात सुविधाओं पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। साथ ही मेडिकल कॉलेज, मॉडल डिग्री कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि महाकुंभ से पहले सभी परियोजनाएं पूरी करने के लिए विशेष कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।














Users Today : 103
Users Yesterday : 106