हरिद्वार।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में किसानों को उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि कृषि और बागवानी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विकास की नई पहचान बनेगा और किसानों की आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों से संवाद करते हुए कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता के मामले में देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने बताया कि एप्पल मिशन के तहत किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट, महक क्रांति तथा औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित ‘हिमालय ब्रांड’ के जरिए उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को देश-विदेश में नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और पैकेजिंग के कारण स्थानीय उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को बाजार उपलब्ध कराने और कृषि-बागवानी को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आम के स्टॉलों का निरीक्षण किया, फलदार पौधा रोपित किया तथा उत्कृष्ट किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने मिशन-2027 के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने किया।














Users Today : 73
Users Yesterday : 106