देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की मुहिम को नई गति मिली है। इसी क्रम में जापान की अनाडुकी ग्लोबल करियर कंपनी लिमिटेड का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को देहरादून पहुंचा और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय तथा दून विश्वविद्यालय का भ्रमण कर राज्य सरकार की कौशल विकास एवं वैश्विक रोजगार योजनाओं का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापानी भाषा का प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद किया। इस दौरान छात्रों को जापानी भाषा के उच्चारण, व्यावहारिक संवाद, कॉरपोरेट संस्कृति और कार्यशैली की जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि जापान में वर्तमान समय में आईटी, हॉस्पिटैलिटी, इंजीनियरिंग और केयरगिविंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित एवं जापानी भाषा जानने वाले युवाओं की बड़ी मांग है।
सेवायोजन निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार कर रही है। इसके तहत विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण के साथ अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति और रोजगार संबंधी कौशल भी विकसित किए जा रहे हैं।
दून विश्वविद्यालय में प्रतिनिधिमंडल ने जापानी भाषा विभाग और प्लेसमेंट सेल के अधिकारियों के साथ बैठक कर भविष्य में शैक्षणिक एवं कौशल विकास सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। अपर सचिव मुख्यमंत्री मनमोहन मैनाली ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को देश के साथ विदेशों में भी बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जापानी प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की है और भविष्य में इस सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।














Users Today : 103
Users Yesterday : 106