POOJA SINGH देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के पहले तीन दिनों में हजारों लोगों ने विशेष शिविरों का लाभ उठाया। शिविरों में जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के साथ ही समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, चिकित्सा उपकरण, कृषि उपकरण सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को उपलब्ध कराया गया।
प्रदेश में 4 जुलाई से शुरू हुए 15 दिवसीय अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाना और लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को सीधे लोगों के बीच भेज रही है। उन्होंने बताया कि इससे पात्र नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में भी इसी अभियान के तहत 45 दिनों में 681 शिविर लगाए गए थे, जिनमें 5.33 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी तथा लगभग 33 हजार शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया था। इस पहल को सुशासन की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के रूप में भी सराहा गया था।














Users Today : 65
Users Yesterday : 127