NEWS BY POOJA SINGH हरिद्वार। पति-पत्नी के विवाद ने एक बार फिर एक मासूम की जान खतरे में डाल दी। शनिवार दोपहर बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर में एक महिला ने अपनी एक साल की बेटी को गोद में लेकर गंगा नहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव के कारण मां और बेटी दोनों लापता हो गईं।
घटना दौलतपुर स्थित डीपीएस स्कूल के पास हुई। दरियापुर निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सरिता (23) को मायके रायपुर छोड़ने के लिए बाइक पर ले जा रहे थे। साथ में चार साल का बेटा और एक साल की बेटी भी थी। घर से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था, क्योंकि अर्जुन की मां अस्पताल में भर्ती थीं और अगले दिन उनका ऑपरेशन होना था, इसलिए वे पत्नी को घर रुकने के लिए कह रहे थे। लेकिन सरिता मायके जाने पर अड़ी रहीं।
दौलतपुर पहुंचकर विवाद बढ़ गया। सरिता बेटे को बाइक पर छोड़कर बेटी को गोद में लेकर नहर की ओर भागीं और छलांग लगा दी। अर्जुन ने बचाने की कोशिश की और खुद भी नहर में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव में मां-बेटी दूर बह गईं। वे किसी तरह खुद बाहर निकल आए।
चार साल का बच्चा घटना देखकर सदमे में है। पुलिस के अनुसार जल पुलिस की टीमें नहर के विभिन्न हिस्सों में सर्च अभियान चला रही हैं। अर्जुन और सरिता की शादी 2021 में हुई थी।














Users Today : 118
Users Yesterday : 106