NEWS BY POOJA SINGH हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली से करीब 150 मीटर की दूरी पर स्थित एक आम के बाग में शनिवार देर रात 25 हरे-भरे आम के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला तूल पकड़ गया है। मामले में उद्यान विभाग ने कार्रवाई करते हुए बहादराबाद कोतवाली में लिखित शिकायत दे दी है। शिकायत में महमूदपुर कलियर निवासी पेड़ ठेकेदार नसीम और आम बाग स्वामी को नामजद किया गया है। घटना को लेकर पुलिस, वन विभाग और उद्यान विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात पेड़ काटे जाने की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कथित लकड़ी तस्कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी भरकर फरार हो चुके थे। घटनास्थल पर कटे हुए तने, टहनियां और पत्तियां बिखरी मिलीं। लोगों का दावा है कि पुलिस कुछ लोगों और एक बाइक को कोतवाली लेकर गई थी, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिए जाने की भी चर्चा रही।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि उद्यान विभाग की लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से आम के पेड़ों की कटाई की कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी। उद्यान निरीक्षक द्वारा सोमवार को बहादराबाद कोतवाली में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में 25 आम के पेड़ों की अवैध कटाई का उल्लेख किया गया है।














Users Today : 107
Users Yesterday : 106