हरिद्वार। ऋषिकेश-भानियावाला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) के चौड़ीकरण कार्य के दौरान पेड़ों के कटान का विरोध कर रहे दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा वन विभाग के सहयोग से एनएच-07 चौड़ीकरण परियोजना के तहत वृक्षों का कटान कराया जा रहा था। मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीमें पहले से तैनात थीं। इसी दौरान दो प्रदर्शनकारियों ने पेड़ों की कटाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि एक प्रदर्शनकारी पेड़ों से लिपट गया, जबकि दूसरे ने सड़क पर हंगामा कर यातायात बाधित करने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद पुलिस, वन विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों ने दोनों को शांतिपूर्वक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे विरोध पर अड़े रहे और कार्य में बाधा डालते रहे। इसके बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुन्दन सिंह बिष्ट निवासी रानीखेत (अल्मोड़ा) तथा रणविजय निवासी 14 बीघा, ऋषिकेश को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170(1) (निवारक कार्रवाई), धारा 126 (सार्वजनिक मार्ग में बाधा) और धारा 135 (सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकारी कार्य में बाधा डालने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। ऐसी स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कार्रवाई के बाद एनएच-07 पर चौड़ीकरण और वृक्ष कटान का कार्य दोबारा सामान्य रूप से शुरू करा दिया गया।














Users Today : 107
Users Yesterday : 106