हरिद्वार। सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं की निगरानी के दावों के बीच जमीनी हकीकत ने सवाल खड़े कर दिए। आंगनबाड़ी में बच्चों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो रही, स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला और प्राथमिक विद्यालय के स्टोर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर के साथ करीब 500 किताबें बिना वितरण के रखी मिलीं। शुक्रवार को प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के निरीक्षण में ये खामियां सामने आईं।
औरंगाबाद स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 18 अक्टूबर से बच्चों की उपस्थिति दर्ज नहीं की गई थी। इस पर संबंधित कार्यकत्री का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। सवाल यह है कि नियमित निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों को कई दिनों तक यह लापरवाही क्यों नजर नहीं आई?
इसके बाद आयुष्मान आरोग्यम मंदिर बंद मिला। आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए संचालित केंद्र पर ताला मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। केंद्र बंद रहने के कारणों को लेकर अब जवाबदेही तय होनी है।
प्राथमिक विद्यालय आन्नेकी प्रथम में मध्याह्न भोजन चूल्हे पर बनता मिला। विद्यालय में गैस कनेक्शन नहीं था। स्टोर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर और करीब 500 किताबें बिना वितरण के रखी थीं। भोजन माता भी अनुपस्थित मिलीं। इस पर प्रधानाचार्य और भोजन माता का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर मिली, लेकिन बुनियादी सुविधाओं और सरकारी सामग्री के इस्तेमाल में खामियां सामने आईं। अब सवाल है कि कार्रवाई केवल वेतन रोकने तक सीमित रहेगी या निगरानी में चूक करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होगी।














Users Today : 106
Users Yesterday : 292