हरिद्वार। उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पूरे प्रकरण पर स्थिति स्पष्ट की है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी नार्को टेस्ट रोकने के लिए नहीं की गई है। पुलिस ने 24 अक्टूबर को दर्ज मुकदमे में गंभीर सजा के प्रावधान को देखते हुए कार्रवाई की है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि उर्मिला सनावर के खिलाफ पहले से ही नौ मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में दर्ज एक मुकदमे में सात साल से कम सजा का प्रावधान होने के कारण उन्हें नोटिस देकर छोड़ दिया था। उस समय गिरफ्तारी नहीं हुई थी। वहीं, 24 अक्टूबर को दर्ज मुकदमे में 10 साल से अधिक की सजा का प्रावधान है। इसी वजह से पुलिस ने तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
उन्होंने नार्को टेस्ट को लेकर फैल रही चर्चाओं पर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह कहना गलत है कि पुलिस ने जानबूझकर नार्को टेस्ट रुकवाने के लिए गिरफ्तारी की है। उन्होंने कहा कि नार्को टेस्ट को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। न्यायालय से आदेश मिलने पर नियमानुसार नार्को टेस्ट कराया जाएगा।
एसएसपी ने लोगों से अपील की कि किसी भी खबर या जानकारी को बिना पुष्टि किए प्रसारित न करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को मामले से संबंधित जानकारी चाहिए या किसी खबर को लेकर भ्रम है, तो वह सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचकर तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि गलत सूचनाएं प्रसारित करने और भ्रम फैलाने से बचना चाहिए। किसी भी प्रकरण में खबर प्रकाशित करने से पहले संबंधित अधिकारियों से तथ्यों की पुष्टि करना जरूरी है।














Users Today : 106
Users Yesterday : 292