देहरादून। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (फीचर फिल्म श्रेणी) में गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म के रूप में प्रतिष्ठित रजत कमल पुरस्कार और ₹2 लाख की नकद राशि से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकभाषा, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के फिल्म उद्योग, कलाकारों और रचनाकारों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी तथा गढ़वाली सिनेमा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता एससी फार्माकेम प्राइवेट लिमिटेड, निर्देशक दिनेश पी. भोंसले और पूरी टीम को इस सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण के अनुकूल गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई फिल्म नीति के माध्यम से प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार एवं प्रतिभा प्रदर्शन के नए अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘ढोली’ की यह उपलब्धि प्रदेश के क्षेत्रीय सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने के साथ युवा फिल्मकारों को भी नई प्रेरणा देगी।














Users Today : 107
Users Yesterday : 106