देहरादून। देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना के तहत प्रस्तावित पेड़ कटान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का माहौल बनने तक पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की यह परियोजना उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही है। परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट का प्रावधान किया गया है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मौत की घटनाओं में कमी आएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास राज्य की आवश्यकता है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई भी निर्णय नहीं लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि देहरादून-ऋषिकेश हाईवे के सात मोड़ क्षेत्र में प्रस्तावित पेड़ कटान के विरोध में पिछले कई दिनों से पर्यावरण प्रेमी आंदोलन कर रहे हैं।














Users Today : 103
Users Yesterday : 106