देहरादून। लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच बागेश्वर जनपद के कपकोट क्षेत्र स्थित मौनधुरा में रविवार को भूस्खलन की घटना हुई। गनीमत रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
प्रशासन ने कहा है कि मौसम विभाग की चेतावनियों और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का गंभीरता से पालन करें। विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पहाड़ी मार्गों और उफनते नालों के आसपास जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है और नागरिकों के सहयोग से किसी भी संभावित आपदा के प्रभाव को कम किया जा सकता है। राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी सभी एजेंसियां लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।














Users Today : 118
Users Yesterday : 106