हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र की आनेकी हेत्तमपुर सूखी नदी में अवैध खनन का खेल खुलेआम चल रहा है। शाम होते ही ट्रैक्टर-ट्रालियों से बड़े पैमाने पर मिट्टी और बालू का उठान शुरू हो जाता है। हैरानी की बात यह है कि खनन विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायतें पहुंचने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई की जिम्मेदारी किसकी है और शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी क्यों खामोश हैं?
स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी में लगातार खनन होने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। आरोप है कि खनन करने वालों ने नदी तक ही सीमित न रहते हुए लोगों के खेतों से भी मिट्टी और बालू उठा ली। इससे किसानों की जमीन को नुकसान पहुंचने के साथ ही क्षेत्र में विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। लोगों का कहना है कि शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
अवैध खनन का यह सिलसिला जारी रहने से सरकार को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है। वहीं, नदी और आसपास के रास्तों पर बने गड्ढे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद न खनन विभाग प्रभावी कार्रवाई कर रहा है और न ही जिला प्रशासन तथा वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम दिखाई दे रहा है।
अब सवाल यह है कि जब संबंधित विभागों तक शिकायतें पहुंच रही हैं तो अवैध खनन पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे या व्यापक नुकसान का इंतजार कर रहे हैं? प्रशासन को मामले की जांच कर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की जरूरत है।














Users Today : 106
Users Yesterday : 292